गोहाना : गोहाना पहुंचीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने हाइड्रोजन ट्रेन में सफर किया। गोहाना से जींद के लिए रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन से लेकर चिनाब ब्रिज तक भारत रेलवे के कायाकल्प की नई कहानी लिख रहा है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने हरियाणा को हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में पिछले वर्षों में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हाइड्रोजन ट्रेन जींद वाया गोहाना से सोनीपत तक चलने वाली ट्रेन का उद्घाटन किया था।
उन्होंने कहा कि रेलवे का आधुनिकीकरण केवल नई ट्रेनों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, विद्युतीकरण, सुरक्षा और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने दावा किया कि देश में करीब 3 लाख 66 हजार बायो-टॉयलेट बनाए गए हैं और 70 हजार किलोमीटर से अधिक रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों को आधुनिक रेल तकनीक का उदाहरण बताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे देश में माल ढुलाई को नई रफ्तार मिलेगी और रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने चिनाब रेलवे ब्रिज को भारत की इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षमता का शानदार उदाहरण बताया।डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रेलवे में हो रहे इन बदलावों की जानकारी गांव, गरीब और आम यात्री तक पहुंचना जरूरी है। वहीं हाइड्रोजन ट्रेन में सफर कर रहे आम यात्रियों ने भी ट्रेन में मिल रही सुविधाओं की तारीफ की।
हाइड्रोजन ट्रेन को लेकर यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने इसे आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।