अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा हरियाणा के लिए नियुक्त प्रभारी संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 30 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के पांच जिलों के व्यापक संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों वरिष्ठ नेता जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों के पूर्व प्रत्याशियों, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे।
संजय दत्त ने बताया कि संगठन सुदृढ़ीकरण अभियान के तहत पहले चरण में प्रदेश के पांच जिलों का दौरा सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। दूसरे चरण में 30 जुलाई से 3 अगस्त तक पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों का दौरा किया जाएगा। इसके साथ ही 3 अगस्त तक हरियाणा के कुल 10 जिलों का संगठनात्मक दौरा पूरा हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान फरीदाबाद जिले की फरीदाबाद, पृथला, बड़खल, तिगांव, बल्लभगढ़ एवं फरीदाबाद एनआईटी, पलवल जिले की होडल, हथीन एवं पलवल, नूंह जिले की नूंह, पुन्हाना एवं फिरोजपुर झिरका, रेवाड़ी जिले की रेवाड़ी, कोसली एवं बावल तथा गुरुग्राम जिले की गुरुग्राम, बादशाहपुर, सोहना एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इसके उपरांत हरियाणा के शेष सभी जिलों का दौरा भी शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी बनाया जा सके। कांग्रेस का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना तथा आगामी राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े अभियानों के लिए संगठन को पूरी तरह तैयार करना है। यह संगठनात्मक दौरा उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, किसानों की बदहाली, युवाओं के भविष्य, महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते नशे जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। प्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से निराश और परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल प्रचार और झूठे दावों में व्यस्त है। कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों को मजबूती से जनता के बीच उठाएगी और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर जनआवाज़ को और मजबूत करेगी।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर आज तक भाजपा ने जनता से किए अपने प्रमुख वादों में से एक भी वादा पूरी तरह पूरा नहीं किया। रोजगार देने, महंगाई पर नियंत्रण, किसानों की आय दोगुनी करने, भ्रष्टाचार समाप्त करने और सुशासन देने जैसे बड़े-बड़े वादे केवल चुनावी जुमले साबित हुए हैं। पिछले 12 वर्षों में भाजपा ने विकास के नाम पर केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया है। अब समय आ गया है कि जनता भाजपा से उसके वादों का हिसाब मांगे और हरियाणा में जवाबदेह, संवेदनशील एवं जनहितैषी शासन की स्थापना के लिए कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी हो।