पंचकूला : मोरनी ब्लॉक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने माटी वंदन अभियान के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पंचकूला के मोरनी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने संबोधन किया। सीएम ने अपने संबोधन में सबसे पहले माटी वंदन अभियान के शुभारंभ पर सबको हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि शिवालिक की पहाड़ियों से जो हरियाली की गंगा निकलेगी वह पूरे हरियाणा के खेतों को सींचेगी। राज्य के प्रथम जैविक एवं प्राकृतिक खेती किसान मेले में आप सबके बीच आकर गर्व हो रहा है । आज मिट्टी को स्वस्थ बनाने, किसानों को समृद्ध बनाने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का संकल्प जन्म ले रहा है।
मुख्यमंत्री सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी संकल्प के साथ माटी वंदन अभियान और नमो मोरनी मिशन का शुभारंभ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन शुरू हुआ। इस पखवाड़े में प्रदेश भर में 15 विशेष कार्यक्रम होंगे। 5 दिसंबर विश्व मृदा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा जिसमें सिक्किम सहित अन्य राज्यों के कृषि वैज्ञानिक अपना अनुभव और मॉडल सांझा करेंगे।
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि आज लगभग 2 लाख किसानों ने करीब 3 लाख एकड़ भूमि का पंजीकरण करवाया। लगभग 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं। प्राकृतिक खेती की आत्मा देसी गाय, इसलिए वर्ष 2025 से देसी गाय की खरीद पर सब्सिडी बढ़कर 30 हजार रुपये की गई। हरियाणा देसी गाय का A2 दूध वीटा बूथ पर उपलब्ध कराने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसान के साथ बीज से बाजार तक खड़ी है।
सीएम सैनी ने कहा- प्रदेश में किसानों के कल्याण के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मिट्टी और पानी बचाने के लिए भी योजनाएं चलाई जा रही है। मोरनी देश का आदर्श जैविक एवं प्राकृतिक खेती ब्लॉक बनेगा। मोरनी में अब तक 15 पॉलीहाउस लग चुके हैं जिनमें हर वर्ष 15 से 20 लाख आलू की पौध तैयार होती है।
सीएम सैनी ने मोरनी के लिए 7 घोषणाएं की
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मोरनी के लिए 7 घोषणाएं की। सीएम ने ऐलान किया कि किसान की हर समस्या का समाधान एक ही छत के नीचे होगा। मोरनी के किसानों के लिए समर्पित हेल्पलाइन 01733-297 010 शुरू होगी। वर्ष 2029 तक मोरनी को सिक्किम की तर्ज पर आदर्श जैविक खेती ब्लॉक बनाया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपज भी मोरनी की, ब्रांड भी मोरनी का और मंडी भी मोरनी में होगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा करते हुए कहा कि हैफेड जैविक व प्राकृतिक उत्पादों की खरीद की नोडल एजेंसी होगी। इन्हें मोरनी ऑर्गेनिक फ्रेश ब्रांड से बाजार में उतारेगी। पूरा मोरनी खंड जैविक खंड बनाया जाएगा। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन में सामुदायिक संसाधन व्यक्ति को मोरनी खंड में ₹5000 अतिरिक्त यानी कुल ₹10000 प्रतिमाह दिए जाएंगे। आज इस मेले में गेहूं व सब्जियों का बीज, जैविक खाद और सब्जियों की पौध निशुल्क वितरित की जाएगी। किसानों की आय बढ़ाना, मिट्टी की सेहत सुधारना, शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाना और मोरनी के युवाओं को स्थानीय रोजगार देना हमारा उद्देश्य है।