जालंधर (पुनीत): पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ किए गए समझौते को समय पर लागू न किए जाने के विरोध में आउटसोर्स इम्प्लाइज फैडरेशन पंजाब (पी.एस.पी.सी.एल.) ने 16 जून से हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। फैडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून तक कर्मचारियों को विभाग में सीधे कांट्रैक्ट पर लेने और वेतन वृद्धि की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो 16 जून से राज्यभर के आउटसोर्स कर्मचारी कामकाज बंद कर संघर्ष शुरू करेंगे, जबकि 17 जून को पटियाला में पक्का धरना लगाया जाएगा।
यह फैसला फैडरेशन की राज्य स्तरीय आपात बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रधान कुलजीत सिंह लौहका ने की। बैठक में 24 मई को पंजाब सरकार और पावरकॉम प्रबंधन के साथ हुए समझौते तथा उसकी वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
फैडरेशन नेताओं ने बताया कि 24 मई को सरकार और प्रबंधन ने स्पष्ट आश्वासन दिया था कि 15 जून तक सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग में सीधे कांट्रैक्ट पर लिया जाएगा और उनके वेतन में उचित वृद्धि की जाएगी। हालांकि अब तक की कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रबंधन तय समय सीमा के भीतर अपने वायदे को पूरा करने के प्रति गंभीर नहीं है। बार-बार बैठकों के माध्यम से केवल समय व्यतीत किया जा रहा है।
बैठक में नेताओं ने आरोप लगाया गया कि प्रबंधन पहले अपने प्रस्ताव के अनुसार कर्मचारियों को सीधे कांट्रैक्ट पर लेने के लिए सहमत था, लेकिन अब पंजाब सरकार द्वारा लाए जा रहे अध्यादेश का हवाला देकर नई नीति के तहत कर्मचारियों को शामिल करने की बात कर रहा है। फैडरेशन ने इसे वादा खिलाफी करार देते हुए कहा कि किसी भी हालत में इस प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
फैडरेशन ने कहा कि राज्यभर के आउटसोर्स कर्मचारियों में भारी रोष है और विभिन्न जिलों व सर्कलों से लगातार संघर्ष तेज करने की मांग उठ रही है। इसी के मद्देनजर राज्य कमेटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि यदि 15 जून तक मांगें पूरी नहीं होतीं तो 16 जून से काम बंद कर प्रदर्शन, धरने और रोष मार्च शुरू किए जाएंगे।
फैडरेशन ने चेतावनी देते हुए कहा कि कर्मचारियों के साथ की गई वादा खिलाफी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा। बैठक में महासचिव तरनजीत सिंह, उपप्रधान अमित शर्मा, प्रदेश खजांची तरनदीप सिंह विरदी, मुख्य सलाहकार विशाल शर्मा, सचिव अमनदीप सिंह, बॉर्डर जोन प्रधान पवनदीप सिंह पट्टी तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।