चंडीगढ़ : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया पर कहा कि डिजिटल इंडिया आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत आधारशिला बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में इस महत्वाकांक्षी अभियान ने देश में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवाओं की पहुंच को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया ने गरीब, वंचित और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े नागरिक तक सरकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य किया है। आज तकनीक के माध्यम से आम नागरिक को घर बैठे अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है।
मनोहर लाल ने कहा कि देशभर में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के व्यापक विस्तार ने गांवों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और ई-गवर्नेंस जैसी सुविधाओं का दायरा तेजी से बढ़ा है। डिजिटल कनेक्टिविटी ने शहर और गांव के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारत ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में विश्व स्तर पर नई पहचान बनाई है। डिजिटल लेन-देन के बढ़ते दायरे ने न केवल आर्थिक गतिविधियों को गति दी है, बल्कि नकदी पर निर्भरता भी कम की है। इससे लेन-देन अधिक सुरक्षित, तेज और पारदर्शी हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने सरकारी कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाया है। विभिन्न सरकारी सेवाओं के ऑनलाइन होने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और लोगों को बिना किसी अनावश्यक परेशानी के सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में डिजिटल इंडिया अभियान विकसित भारत के निर्माण में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा तकनीक आधारित सुशासन के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।