हिसार : राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB), हिसार की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूमि अधिग्रहण विभाग में पुनर्नियुक्त पटवारी भूप सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में थाना SV & ACB, हिसार में FIR No. 32 dated 09.09.2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एक लाख रुपये की राशि जारी करने के बदले मांगी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के मामा/फूफा लक्ष्मी नारायण मित्तल के पक्ष में उपायुक्त, हिसार की अदालत ने 33 लाख रुपये की राशि जारी करने के आदेश दिए थे। इनमें से 32 लाख रुपये भूमि अधिग्रहण विभाग, हिसार की ओर से पहले ही जारी किए जा चुके थे।
आरोप है कि शेष 1 लाख रुपये की राशि जारी करने के एवज में पटवारी भूप सिंह ने शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद SV & ACB, हिसार की टीम ने नियमानुसार ट्रैप कार्रवाई की।
रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी भूप सिंह को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया।
ब्यूरो ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।