IPL 2027 की रिटेंशन डेट करीब आ चुकी है। ऐसे में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच एक बड़ी ट्रेड देखने को मिली है। मुंबई इंडियंस ने धाकड़ ऑलराउंडर और अपने कप्तान हार्दिक पांड्या को जाने देने का फैसला किया है। हालांकि, बदले में एक बड़ा गेंदबाज भी उन्हें मिल गया है। पंजाब किंग्स ने हार्दिक के बदले अर्शदीप सिंह को मुंबई इंडियंस के साथ ट्रेड कर दिया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि भी हो गई है। यहां तक कि पंजाब किंग्स ने ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की सैलरी भी बढ़ा दी है। पहले उन्हें 16.35 करोड़ रुपये एमआई से मिलते थे, लेकिन अब पंजाब ने उन्हें सैलरी बढ़ाकर दी है।
हार्दिक पांड्या की ट्रेड की चर्चा आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद ही शुरू हो गई थी और कई टीमों के साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा था। हालांकि, मुंबई इंडियंस ने एक बेहतरीन डील पंजाब के साथ की, जहां से उन्होंने जसप्रीत बुमराह के एक जोड़ीदार को अपने साथ जोड़ा है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज अर्शदीप सिंह एमआई को बुमराह के परफेक्ट पार्टनर के रूप में उन्हें मिल गए हैं।
हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स से 2027 के सीजन के लिए 18 करोड़ रुपये की सैलरी मिलेगी, जबकि एमआई में पिछले दो सीजन उनकी सैलरी 16.35 करोड़ रुपये थी। इस तरह उनकी सैलरी में 1 करोड़ 65 लाख की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं, पंजाब किंग्स ने आरटीएम के जरिए अर्शदीप सिंह को 18 करोड़ रुपये में मेगा ऑक्शन में खरीदा था। उनकी यही फीस अभी भी बरकरार है। एमआई से उन्हें 18 करोड़ ही मिलेंगे। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि एमआई को पंजाब से अर्शदीप और विष्णु विनोद मिलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। सिर्फ प्लेयर टू प्लेयर स्वैप हुआ है।
पांड्या का ये दूसरा कार्यकाल एमआई के साथ थी। वे 2015 में इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े थे। इसके बाद 2021 के सीजन तक वे चार बार टीम को चैंपियन बनाने में बतौर ऑलराउंडर सफल हुए। 2022 में वे गुजरात टाइटन्स के साथ जुड़े और अगले सीजन भी उन्हीं के साथ रहे। 2024 में फिर से पांड्या ने एमआई में वापसी की और तीन सीजन यहां रहे। अब उन्होंने तीसरी फ्रेंचाइजी का रुख अपने करियर में किया है। पांड्या को 162 मैचों का अनुभव है, जिनमें वे 2955 रन 146.28 के स्ट्राइक रेट से बना चुके हैं और 82 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
वहीं, अगर बात अर्शदीप सिंह की करें तो वे 2019 से ही पंजाब किंग्स के साथ थे। लेफ्ट आर्म पेसर ने पहले तो अपने खेल पर काम किया और फिर भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई तो फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। वे अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लीडिंग विकेटटेकर हैं, जबकि आईपीएल में 111 विकेट 96 मैचों में अपने नाम कर चुके हैं। वह पंजाब के सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं।