चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत हरियाणा में सेवा, सामाजिक सरोकार, जनसंपर्क, युवा भागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जुड़े कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन होगा और प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता हर लाभार्थी और आम जनमानस तक पहुंचेगा। शुक्रवार को मुलाना में सेवा संकल्प अभियान पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला में मुख्य वक्ता के तौर पर पहुंची भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता का कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यशाला में कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सत्ता की यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा रही है। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा भाव को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और आमजन को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का माध्यम बनने जा रहा। है। एक माह तक चलने वाले अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता अपने परिवारों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी परिवारों को भी इस अभियान में जोड़ेंगे। इसके लिए जिला प्रभारी से लेकर बूथ प्रभारी तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने कहा कि बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत स्कूल स्तर पर ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। बच्चे और युवा अपने सपनों के भारत की तस्वीर और विचार प्रस्तुत करेंगे। वहीं नमो सेवा गाथा के माध्यम से नुक्कड़ नाटकों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा वर्कर्स के सम्मान के लिए आंगन का उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में उन महिलाओं के योगदान को सम्मानित किया जाएगा, जो समाज के अंतिम छोर तक स्वास्थ्य, पोषण और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बताया कि कहानी बदलाव की अभियान के माध्यम से मोदी सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक जीवन की कहानियां वीडियो के माध्यम से सामने लाई जाएंगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा में प्रमुख इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स देश में हुए विकास कार्यों को स्वयं अनुभव कर उनकी जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे।ज्योति सेवा यात्रा गांव-गांव तक पहुंचेगी, जहां प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों के सेवा एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा। वहीं सेवा मेरा अभियान के तहत पूरे महीने 25 गतिविधियों में कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी अपने घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल और सार्वजनिक स्थलों पर भागीदारी कर सकेंगे।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत खंड स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। रंगोली राष्ट्र के नाम के माध्यम से राष्ट्रभावना को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी जाएगी, जबकि राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में विद्यार्थी, युवा, स्टार्टअप, प्रोफेशनल और इनोवेटर्स स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नए नवाचार प्रस्तुत करेंगे अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इसमें पंचायत से पार्लियामेंट तक जनसेवा से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखें, बल्कि इसे हर परिवार से संवाद, हर पात्र व्यक्ति तक योजना और हर नागरिक से विकसित भारत के संकल्प को जोड़ने का अभियान बनाएं। हमें मिलकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में होने वाली गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी जी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र की सेवा में अपनी भूमिका सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, जिला प्रभारी मदन चौहान, पूर्व मंत्री असीम गोयल व संतोष सारवान, पूर्व विधायक पवन सैनी व राजबीर बराड़ा, नगर निगम अम्बाला मेयर अक्षिता सैनी, जिला परिषद अम्बाला चेयरमैन माखन सिंह लबाना, भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ संजय शर्मा, प्रदेश सचिव गुरप्रीत कौर, नगर परिषद अम्बाला छावनी प्रधान स्वर्ण कौर, जगमोहन लालपुर, राजेश मथुरापुर आदि उपस्थित रहे।