चंडीगढ़ : हरियाणा लोक भवन में आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा प्रथम महिला मित्रा घोष ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लोक भवन में सर्व-धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सभा में रामधुन का गायन किया गया तथा महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई। प्रार्थना सभा में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई और सिख धर्मों के धर्मगुरुओं ने अपने प्रवचनों एवं भजनों के माध्यम से शांति, आपसी भाईचारे, सांप्रदायिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों, सादगी तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन करते हुए देश के निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग, जी. अनुपमा, आयुक्त एवं सचिव, वित्त विभाग, सी.जी. रजनी कांतन, आयुक्त एवं सचिव, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, के.एम. पांडुरंग, राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, राज्यपाल के एडीसी धीरज कुमार सेतिया तथा हरियाणा पुलिस शिकायत प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. आर.सी. मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।