चंडीगढ़ : हरियाणा के लाखों राशन कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब परिवारों को मिलने वाले सरसों के तेल के वितरण को दोबारा सुचारू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही तेल की पैकिंग और वितरण का नया शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 39.89 लाख बीपीएल और अंत्योदय (AAY) परिवार लाभान्वित होंगे।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा तय की गई नई व्यवस्था के अनुसार, अब पुराने 2 लीटर या अन्य बड़े पैकों के बजाय लाभार्थियों को 500 मिलीलीटर (500 ML) और 1 लीटर की बोतलों/पैकों में सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे लाभार्थियों को जरूरत के अनुसार आसानी से तेल मिल सकेगा। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोतलों पर स्पष्ट रूप से 'Not for Sale – For PDS Only' अंकित होगा और किसी भी सूरत में खुली या बिना सील वाली बोतल वितरित नहीं की जाएगी।
पिछले कुछ महीनों से बंद पड़े सरसों के तेल के कोटे को अब एक साथ तीन महीनों (अगस्त, सितंबर और अक्टूबर) के लिए कलेक्टिव रूप से वितरित किया जाएगा। विभाग के तय कार्यक्रम के मुताबिक 10 से 15 अक्टूबर समयावधि के दौरान सभी जिलों में करीब 104 लाख लीटर सरसों का तेल कॉन्फेड के फोकल प्वाइंट्स पर पहुंचा दिया जाएगा। 15 से 20 अक्टूबर परिवहन ठेकेदारों के माध्यम से तेल की यह खेप स्थानीय राशन डिपुओं तक पहुंचाई जाएगी। सभी डिपो धारकों के जरिए 21 अक्टूबर से लाभार्थियों को तीनों महीनों का लंबित सरसों का तेल बांटना शुरू कर दिया जाएगा।