नई दिल्ली: भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में दूसरा और आखिर टेस्ट मैच खेला जा रहा है। कानपुर टेस्ट के चौथे दिन यानी सोमवार को तीन खिलाडिय़ों को भारतीय स्क्वॉड से रिलीज कर दिया गया है। रिलीज किए गए प्लेयर्स में बल्लेबाज सरफराज खान, विकेटकीपर ध्रुव जुरेल और तेज गेंदबाज यश दयाल का नाम शामिल है। तीनों को ईरानी कप मैच में हिस्सा लेने के लिए रिलीज किया गया है, जो एक से पांच अक्तूबर तक लखनऊ में आयोजित होगा। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की मुंबई से भिड़ंत होगी। मुंबई रणजी ट्रॉफी चैंपियन है। बता दें कि सरफराज, जुरेल और दयाल कानपुर टेस्ट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं हैं। तीनों को पहले टेस्ट में भी खेलने का मौका नहीं मिला था।
सरफराज ईरानी कप में मुंबई के लिए खेलेंगे, जिसकी कमान अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के हाथों में है। जुरेल और दयाल रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से मैदान पर उतरेंगे। रेस्ट ऑफ इंडिया की बागडोर ऋतुराज गायकवाड़ संभालेंगे। सरफराज के भाई मुशीर खान ईरानी कप में नहीं खेलेंगे। ऑलराउंडर मुशीर का हाल ही में कार एक्सीडेंट हो गया था। वह ईरानी कप के लिए आजमगढ़ से लखनऊ जा रहे थे और कार डिवाडर से टकराकर पलट गई। उनकी गर्दन में फ्रैक्चर है। सर्जरी से उबरने के बाद ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ईरानी कप से प्रथम फस्र्ट क्लास क्रिकेट में वापसी करेंगे।