पंचकूला : संगठन की वास्तविक शक्ति उसके पदाधिकारियों के समर्पण, अनुशासन, पारदर्शी संवाद एवं टीम भावना में निहित होती है। जब संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करता है, तभी संगठन समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है और अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर पाता है। ये बात अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने स्थानीय सेक्टर-20 स्थित कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित ‘संगठन संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। समाज के पंचकूला, अंबाला एवं यमुनानगर जिले के समस्त जिला, विधानसभा एवं विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों के लिए आयोजित इस विशेष संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य संगठनात्मक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना, पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि प्रदेश कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अशोक बुवानीवाला ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की पहचान केवल उसके पदों या पदाधिकारियों से नहीं होती, बल्कि उसकी पहचान उसके कार्यों, अनुशासन, सक्रियता और समाज के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से होती है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक साझा उद्देश्य, सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा के भाव से जोडऩे वाला एक सशक्त परिवार है। संगठन की मजबूती इस बात पर निर्भर करती है कि प्रत्येक पदाधिकारी अपनी भूमिका को कितनी गंभीरता से निभाता है और समाज के हितों को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखकर कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित संवाद, आपसी विश्वास और बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक हैं। यदि जिला, विधानसभा, महिला, युवा एवं मुख्य इकाइयों के सभी पदाधिकारी निरंतर संपर्क में रहकर सामूहिक रूप से कार्य करेंगे तो संगठन की कार्यक्षमता कई गुना बढ़ेगी और समाज के अधिक से अधिक लोगों तक संगठन की गतिविधियों का लाभ पहुंच सकेगा।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल ने अपने संबोधन में समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान प्रदेशभर के वैश्य समाज के बंधुओं ने घर-घर जाकर उनके पक्ष में जनसंपर्क किया और उन्हें भरपूर समर्थन दिया। समाज के इस विश्वास, सहयोग और एकजुटता के कारण ही वे विजयश्री प्राप्त करने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास और सामूहिक प्रयासों की जीत है।
इस मौके पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पवन अग्रवाल, विनोद सिंगला, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सर्राफ, महिला कार्यकारी अध्यक्ष वेणु अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल गर्ग, प्रदीप अग्रवाल, पार्षद राकेश गोयल, पार्षद राजकुमार जैन, महिला प्रदेश महासचिव पायल गोयल, कैलाश गोयल, प्रदेश सचिव पंकज मित्तल, सुनील अग्रवाल, युवा प्रभारी नवदीप बंसल, युवा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु गोयल, प्रभारी राजीव जैन, सहप्रभारी हरिओम अग्रवाल, पंचकूला जिलाध्यक्ष भगवान दास मित्तल, अम्बाला जिलाध्यक्ष प्रमोद गर्ग, यमुनानगर जिलाध्यक्ष आशीष मित्तल, राज अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, सुभाष सिंगला, राकेश गर्ग, डॉ. विनीत गुप्ता, प्रो. साधना अग्रवाल, अंजना अग्रवाल, आरती कंसल, सविता जैन, सविता गुप्ता, सारिका बंसल, राकेश गुप्ता, प्रवीण कुमार, पंकज गुप्ता, विनय बंसल, अश्वनी अग्रवाल, गगन गोयल सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।