हरियाणा में श्रमिक संगठन 'इंटक' (INTUC) को ब्लॉक और जिला स्तर पर और अधिक धारदार बनाने के लिए कवायद तेज हो गई है। इंटक से संबंधित विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में प्रदेश के संगठित और असंगठित दोनों क्षेत्रों के श्रमिकों से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संगठन की मजबूती की रणनीति तैयार की गई।
हरियाणा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव और संगठन के प्रवक्ता नसीब जाखड़ ने संयुक्त रूप से बैठक के निर्णयों की जानकारी साझा की। प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि आगामी दिनों में संगठित और असंगठित (ग़ैर संगठित) दोनों क्षेत्रों की यूनियनों को धरातल पर और ज्यादा मजबूत किया जाएगा। इंटक के संगठनात्मक ढांचे का विस्तार करते हुए इसे जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक सक्रिय और मुखर बनाया जाएगा, ताकि हर एक श्रमिक की आवाज सीधे सरकार तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए इंटक नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार श्रमिकों के अधिकारों को कुचलने के लिए जो 'काले कानून' थोपना चाहती है, उसका संगठन हर स्तर पर पुरजोर विरोध करेगा। अमित यादव ने चेताया कि श्रमिक हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश के कई जिलों में पहले ही जोरदार प्रदर्शन किए जा चुके हैं। जो जिले अभी बचे हुए हैं, वहां भी जल्द ही रणनीति बनाकर बड़े स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किए जाएंगे। इस बैठक में कांग्रेस आलाकमान के प्रतिनिधियों ने भी यूनियनों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी श्रमिकों की इस लड़ाई में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।