खटकड़ कलां (बंगा): पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने अपनी पत्नी श्रीमती अनीता कटारिया के साथ आज खटकड़ कलां स्थित शहीद-ए-आज़म सरदार भगत सिंह संग्रहालय पहुंच कर देश के महान शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों की कुर्बानियां ने ही हमें स्वतंत्रता का आनंद दिलाया है ।
शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह संग्रहालय पहुंचकर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शहीद-ए-आजम की समाधि पर और फिर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह और अन्य शहीदों के बलिदान ने देश के स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा दी, जिसके परिणामस्वरूप युवाओं में देशभक्ति की चिंगारी और प्रबल हुई। उन्होंने कहा कि यद्यपि इन महान शहीदों को देश की खातिर फांसी के फंदे को चूमना पड़ा, लेकिन उनके अद्वितीय बलिदान ने युवाओं में देशभक्ति की भावना को और अधिक मज़बूत किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी और उसके बाद हो रही अभूतपूर्व प्रगति में प्राथमिक योगदान हमारे महान शहीदों का है, जिन्होंने देश को आजाद कराने की नींव रखी थी।
पंजाब के मौजूदा हालात के बारे में राज्यपाल ने कहा कि बाढ़ और नशे से पैदा हुए हालात राज्य के सामने बड़ी चुनौतियां हैं, जिनसे उभरने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान पंजाबियों द्वारा संकटग्रस्त लोगों के लिए दिखाई गई निस्वार्थता, आपसी भाईचारा, हर तरफ से अथाह मदद और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को पटरी पर लाने के लिए किए गए प्रयास सभी के लिए एक बड़ी प्रेरणा हैं, जो पंजाबियत के झंडे को और भी बुलंद करती है। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर रही है और जल्द ही वित्तीय सहायता भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान प्रशासन, भारतीय सेना और पंजाब पुलिस ने भी लोगों की जान-माल की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाई, जिसमें पंजाबियों ने भी कंधे से कंधा मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। खटकड़ कलां पहुँचने से पहले, राज्यपाल और उनकी पत्नी नवांशहर स्थित जैन स्थानक पहुँचे और प्रवचन सुने तथा आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर अंकुरजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेहताब सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।