केपटाउन : भारत ने जेमिमा रोड्रिग्स (नाबाद 53) के अर्धशतक और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष (नाबाद 31) के साथ उनकी चौथे विकेट के लिये 33 गेंद में 58 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक ओवर शेष रहते 7 विकेट से शिकस्त दी। पाकिस्तान ने कप्तान बिस्माह मारूफ (नाबाद 68 रन) के अर्धशतक और आयशा नसीम (नाबाद 43 रन) के साथ उनकी पांचवें विकेट के लिये 81 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत चार विकेट पर 149 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। भारत ने यह लक्ष्य 19 ओवर में तीन विकेट पर 151 रन बनाकर हासिल किया जिसमें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जेमिमा रोड्रिग्स की आठ चौके जड़ित 38 गेंद की नाबाद अर्धशतकीय पारी महत्वपूर्ण रही।