चंडीगढ़ : पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत दूसरे दिन पंचकूला में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर पहले सत्र का शुभारंभ किया। सत्र की अध्यक्षता मेयर श्याम लाल बंसल ने की। इतिहास और विकास विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा की मूल विचारधारा राष्ट्रवाद है और संगठन की रीति-नीति कार्यकर्ताओं के माध्यम से आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कार्यकर्ताओं का न केवल व्यक्तित्व निखरता है, बल्कि उनकी संगठनात्मक क्षमता भी कई गुना बढ़ जाती है। कार्यक्रम में जिला प्रभारी रवि बतान, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के अलावा वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। डा. पूनिया ने कहा कि भाजपा की यात्रा तीन प्रमुख स्तंभों संगठन, विचार और जनसमर्थन पर आधारित है। डॉ. पूनिया ने कहा कि दुनिया के राजनीतिक इतिहास में यह पहली बार हुआ जब किसी राजनीतिक दल के संरक्षक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पार्टी और राष्ट्रहित में शहादत दी। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भाजपा सरकारों की नीतियों में दिखाई देती है। डॉ. पूनिया ने कहा कि वर्ष 1952 में जनसंघ को केवल तीन प्रतिशत वोट और तीन सीटें मिली थी, जबकि 2019 में भाजपा 303 सीटों तक पहुंची। उन्होंने इसे संगठन और विचार की जीत बताते हुए कहा कि भाजपा आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुकी है। उन्होंने आपातकाल और राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश के बड़े जनआंदोलनों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राजनीतिक और विकासात्मक परिवर्तन आया है तथा अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनना करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है।