यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि 44 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में थाना छप्पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुनील कुमार सैनी, निवासी रूड़की (हरिद्वार, उत्तराखंड), ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपितों ने “सी प्राइम” नाम से एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बनाकर मेटा ट्रेडर के माध्यम से निवेश का झांसा दिया। आरोपियों में रामपुर कंबोयान निवासी जतिंद्र अरोरा, यमुनानगर निवासी मोहित राणा, गौरव और उनकी पत्नियों के नाम सामने आए हैं। शिकायत के अनुसार आरोपितों ने लोगों को हर महीने 5 प्रतिशत लाभ और निवेश की रकम दोगुनी करने का लालच दिया।
जानकारी के मुताबिक, 15 नवंबर 2024 को इस नेटवर्क की शुरुआत की गई थी और धीरे-धीरे लोगों को जोड़कर निवेश के लिए प्रेरित किया गया। आरोप है कि कई बैठकें मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास स्थित केएफसी में भी आयोजित की गईं, जहां लोगों को योजना के बारे में जानकारी दी गई।
पीड़ितों को भरोसा दिलाया गया कि उनका पैसा मेटा ट्रेडर आधारित प्लेटफॉर्म में सुरक्षित निवेश किया जा रहा है, जहां से नियमित लाभ मिलेगा। शुरुआत में अकाउंट में रकम बढ़ती दिखाई दी, लेकिन जब निवेशक पैसे निकालने लगे तो निकासी संभव नहीं हुई और बाद में अकाउंट बंद कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस तरह 44 लोगों से कुल 1,1459 डॉलर (लगभग 50 लाख रुपये) का निवेश कराया गया। पीड़ितों का आरोप है कि यह पूरा मामला एक संगठित साइबर फ्रॉड हो सकता है, जिसमें हवाला और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के उल्लंघन की भी आशंका जताई जा रही है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है।