चंडीगढ़ : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई का दिन भारतीय रेलवे, हरियाणा और पूरे देश के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारतीय रेलवे में हरित क्रांति के नए युग का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और ग्रीन एनर्जी मिशन की दिशा में भारत की ऐतिहासिक छलांग है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अब विश्व को नई तकनीक देने वाला राष्ट्र बन रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पूरी तरह भारत में डिजाइन एवं विकसित यह अत्याधुनिक हाइड्रोजन ट्रेन आधुनिक भारतीय इंजीनियरिंग और वैज्ञानिक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच लगभग 89 किलोमीटर के मार्ग पर चलेगी और शून्य कार्बन उत्सर्जन के साथ पर्यावरण संरक्षण का नया अध्याय लिखेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल हो रहा है जिन्होंने हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक को अपनाया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे को नई पहचान मिली है। देश में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार, अमृत भारत स्टेशन योजना, आधुनिक रेल नेटवर्क, समर्पित माल गलियारे और अब हाइड्रोजन ट्रेन जैसी परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि भारत का रेलवे विश्वस्तरीय बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया यह कदम आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा से विशेष आत्मीय संबंध है। जब-जब प्रधानमंत्री हरियाणा आए हैं, तब-तब प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिली हैं। इस बार भी जींद की धरती से प्रदेश को हाइड्रोजन ट्रेन सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लाभ मिलेगा। यह हरियाणा के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है और दुनिया भारत को विश्वास, नवाचार तथा नेतृत्व के केंद्र के रूप में देख रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करें और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य और हरित विकास की यात्रा का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा तेज़ी से विकसित हरियाणा के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। नायबसरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और हरियाणा, विकसित भारत के संकल्प का मजबूत इंजन बनकर उभर रहा है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में जींद पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। उन्होंने आग्रह किया कि रैली को ग्रीन रैली का स्वरूप देने के लिए सीएनजी बसों, इलेक्ट्रिक वाहनों, ई-रिक्शा, ई-स्कूटी और साइकिल से कार्यक्रम में पहुंचें।
डा अर्चना गुप्ता ने कहा कि 17 जुलाई केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के भविष्य का उत्सव है। यह दिन भारतीय रेलवे के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा और जींद की धरती इस ऐतिहासिक परिवर्तन की साक्षी बनेगी।