चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 325 अमृत सरोवर के साथ—साथ 70 एडवांस्ड लाइफ स्पोर्ट् एंबुलेंस जनता को समर्पित की है। मुख्यमंत्री बुधवार को अंबाला के नारायणगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया। 114 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 7 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 223 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 325 अमृत सरोवर भी प्रदेश की जनता को समर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, विधायक शैली चौधरी, स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, एनएचएम के एमडी आरएस ढिल्लो तथा पंचायत विभाग के डायरेक्टर अनीश यादव भी मौजूद थे। कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर रहे मंत्रीगण और विधायक तथा अन्य गणमान्य भी जुड़े थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि आज का अवसर केवल नारायणगढ़ के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जब उन्होंने आज 337 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया है। यह केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं है, बल्कि स्वस्थ हरियाणा, समृद्ध हरियाणा और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इससे पहले उन्होंने डॉक्टर्स डे के अवसर पर देश एवं प्रदेश के सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्करों तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के महान चिकित्सक, प्रख्यात स्वतंत्रता सेनानी, उत्कृष्ट प्रशासक एवं दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता डॉ. बिधान चंद्र राय को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राय का यह विचार कि “स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं” आज भी अत्यंत प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए गए हैं। आज की परियोजनाओं सहित इस क्षेत्र में 858 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि यमुनानगर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-73 का निर्माण 1,112 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। बड़ागढ़ में राजकीय महिला महाविद्यालय, फतेहगढ़-रायवाली सड़क एवं पुल, नारायणगढ़ फोरलेन सड़क, रायवाली सड़क, आधुनिक खेल स्टेडियम सहित अनेक विकास कार्य पूर्ण किए गए हैं। शहजादपुर एवं अंबली में सीएचसी भवन तथा भूरेवाला, धनाना एवं चाणसौली में पीएचसी भवनों का निर्माण एवं विस्तार किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत से बने 50-बेड के नए अस्पताल ब्लॉक का उद्घाटन किया गया है, जिससे नागरिक अस्पताल की क्षमता 100 बिस्तरों की हो गई है। साथ ही लगभग 50 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का शुभारंभ किया गया, जो स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेगी।
उन्होंने कहा कि चाणसौली में 13 करोड़ रुपये की लागत से महाराणा प्रताप उद्यान विश्वविद्यालय, करनाल का क्षेत्रीय उद्यान अनुसंधान केंद्र स्थापित किया गया है। वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में नारायणगढ़ के लिए नए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की घोषणा की गई है। इसके अलावा प्रदेश में 10 नए आईएमटी स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें आईएमटी अंबाला एवं नारायणगढ़ भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को सरकार ने धरातल पर उतारा है। प्रधानमंत्री के 4,400 से अधिक दिनों के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल हो रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। विधानसभा चुनाव के संकल्प-पत्र के 217 वादों में से 66 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 151 वादों पर कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत 2,100 रुपये प्रतिमाह सहायता दी जा रही है, जिसके अंतर्गत लगभग 10 लाख महिलाओं को 1,415 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके साथ ही गरीब परिवारों को राहत देने के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके तहत 14.42 लाख लाभार्थियों को 282 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में प्रदेश की सभी 24 फसलों की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों को 1.80 लाख करोड़ रुपये सीधे खातों में दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में किसानों को फसल खराबे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 16,530 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह राशि 1,138 करोड़ रुपये थी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार 269 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि बकाया छोड़कर गई थी, जिसे सरकार ने 2014 के बाद जारी किया।
नकली खाद, बीज एवं कीटनाशक के खिलाफ सख्त कानून बनाकर 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना के तहत 46 फसलों को शामिल किया गया है तथा अब तक 157 किसानों को 1.40 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
प्रदेश में भूमि एवं संपत्तियों का पंजीकरण पूरी तरह पेपरलेस और डिजिटल कर दिया गया है। साथ ही पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को आरक्षण दिया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके तहत 1.56 लाख मकान दिए गए हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत 18,470 परिवारों को तथा ग्रामीण योजना के तहत 12,031 प्लॉट दिए गए हैं। किडनी रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सेंटर शुरू होने के बाद अब सभी 22 जिलों में कैंसर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में 1.83 लाख युवाओं को बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पुलिस की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, साथ ही 4 हजार का पहले भी परिणाम जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हरियाणा में अलग-अलग विभागों में भी भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 350 अटल लाइब्रेरियों का उद्घाटन भी किया था। आज अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों में भूजल का स्तर नीचे चला गया है, ऐसे में इन सरोवरों के बनाने का उद्देश्य यही है कि पानी को इकट्ठा करके इस समस्या का हल हो सके। उन्होंने उपस्थित किसानों से आह्वान किया कि प्राकृतिक खेती को अपनाएं। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी और उनके लिए उठाए गए कदमों का जिक्र भी किया।