हिसार जिला के बरवाला विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-31 स्थित बाल संस्कार वाटिका में रविवार को प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें एपिसोड का सामूहिक प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में लोक निर्माण विभाग एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य रूप से शिरकत की। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को सुना। कार्यक्रम के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हैं। इस कार्यक्रम में देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों, विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे भारत तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे सामान्य नागरिकों और महान व्यक्तित्वों का भी उल्लेख करते हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए समाज और देश को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं। ऐसे लोगों की प्रेरक कहानियों से समाज के अन्य लोगों को भी आगे बढ़ने और देशहित में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जुड़ने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन गया है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से प्रधानमंत्री के संदेशों को आत्मसात करते हुए समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन राजेश ठकराल, बरवाला नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश बैटरीवाला, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।