चंडीगढ : हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक संवाद अभियान के तहत बुधवार को एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भिवानी एवं दादरी जिलों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। बैठकों में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की समस्याओं को समझने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भिवानी, तोशाम, बवानी खेड़ा, लोहारू, बाढ़ड़ा और दादरी विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके साथ ही दादरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने चौधरी बंसीलाल जी के हरियाणा के विकास में दिए गए योगदान और उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी बंसीलाल जी ने हरियाणा के विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा उनका योगदान प्रदेश की राजनीति में सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर भिवानी ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, भिवानी शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, विधायक राजबीर फरटीया, पूर्व विधायक रामकिशन फौजी सोमवीर सिंह तथा शिव शंकर भारद्वाज, प्रदीप नरवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठकों में नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दों, जनता की समस्याओं तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और जनता से सीधा संवाद स्थापित कर भाजपा सरकार की नीतियों की वास्तविकता लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने हरियाणा के मौजूदा राजनीतिक एवं जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवाल लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि विपक्ष और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने हाल ही में गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर और पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अपनी बात रखने का अधिकार लोकतंत्र की बुनियादी पहचान है। विपक्ष की आवाज दबाना किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिशों का पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से मुकाबला करेगी।
उन्होंने कहा कि महंगाई का असर आम परिवार की रसोई पर लगातार बढ़ रहा है। चीनी और गुड़ जैसी रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हुई बढ़ोतरी भी चिंता का विषय है और सरकार को इसके कारण जनता के सामने स्पष्ट करने चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनहित के हर मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर जनता से संपर्क बढ़ाएं तथा उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाएं।
बैठक के दौरान कांग्रेस के स्थानीय वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी, विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख कार्यकर्ता तथा विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
देर शाम भिवानी ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी तथा भिवानी शहरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठकें भी संपन्न हुईं, जिनमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।