दुबई: पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी हार से परेशान भारतीय टीम ने महिला टी-20 वल्र्ड कप में पाकिस्तान को हराते हुए सेमीफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा है। ग्रुप-ए के मैच में रविवार को पाकिस्तानी टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर सिर्फ 105 रन ही बना पाई। जवाब में भारत ने 19वें ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अपना खाता भी खोला। अब हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी का अगला मैच नौ अक्तूबर को श्रीलंका से होगा। भारत की ओर से तीन विकेट लेने वाली अरुंधति रेड्डी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।