टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स तंज कस रहे हैं। शुक्रवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB चीफ रमीज राजा, शोएब अख्तर और वसीम अकरम जैसे दिग्गजों ने भारतीय टीम के प्रदर्शन के बारे में राय जाहिर की।
रमीज राजा ने कहा- अरबों डॉलर की लीग के क्रिकेटर्स वाली टीम पीछे रह गई और पाकिस्तान आगे निकल गया है। वहीं, दुनिया के सबसे तेज गेंदबाज रहे शोएब अख्तर ने इंडियन पेस बैटरी पर कहा- भारत में कोई एक्सप्रेस फास्ट बॉलर नहीं है। पूर्व कप्तान वसीम अकरम भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा- IPL बिल्कुल बेअसर लीग है।
इस स्टोरी में एक-एक करके जानेंगे कि किसने क्या कहा? साथ ही टीम इंडिया के खिलाड़ियों के रिएक्शन देखेंगे। शुरुआत करते हैं PCB चीफ रमीज राजा से...
1. रमीज राजा : हमारे खिलाड़ी भारतीयों से बेहतर
भारत-पाकिस्तान फाइनल नहीं होने के सवाल पर रमीज ने कहा- कई लोगों ने खुद टीम पर शक किया है। इस विश्व कप ने दिखाया कि वर्ल्ड क्रिकेट कितने पीछे रह गई है और पाकिस्तान कितना आगे निकल गया है। इस वर्ल्ड कप में बिलियन-डॉलर की इंडस्ट्री वाले टीमें पीछे रह गई हैं और हम आगे निकल गए हैं। हमने खुद को बेहतर किया। लिहाजा, हमारी कामयाबी का जश्न मनाएं और हमें इज्जत दें।
2. शोएब अख्तर बोले- भारत के पास कंडीशनल फास्ट बॉलर हैं
शोएब अख्तर ने कहा- इंडिया की शर्मनाक हार...ये टीम बहुत गंदा खेली और वो इसी लायक थी। हैरानी है आप एक विकेट भी नहीं ले सके। आपकी बॉलिंग पूरी तरह एक्सपाेज हो गई। भारत के पास कंडीशनल फास्ट बॉलर हैं। कंडीशन अच्छी हो तो बॉलिंग करते हैं...नहीं तो नहीं। कोई एक्सप्रेस फास्ट बॉलर नहीं है। सिलेक्शन भी कन्फ्यूज करता है। सोचा था मेलबर्न में साथ फाइनल खेलेंगे, अब ऐसा नहीं होगा।
3. वसीम अकरम : IPL का कोई फायदा नहीं
एक पाकिस्तानी अखबार से बातचीत में भारतीय कोच राहुल द्रविड़ के बयान पर प्रतिक्रिया देते वसीम अकरम ने कहा- IPL का कोई फायदा नहीं। अकरम ने तर्क दिया कि भारत 2007 में वर्ल्ड चैंपियन बना था। उसके बाद 2008 में IPL आया। इसके बाद भारत कभी वर्ल्ड चैंपियन नहीं बना। इसका मतलब यही है कि IPL का कोई फायदा नहीं है।
सेमीफाइनल मैच के बाद राहुल द्रविड़ ने इंडियन प्लेयर्स के विदेशी लीग और खास तौर पर बिग बैश खेलने के सवाल पर कहा था- हमारे पास विदेशी लीग खेलने का टाइम नहीं है।
अब जानिए कैसे हारी टीम इंडिया
एडिलेड में गुरुवार को टीम इंडिया को इंग्लैंड के हाथ 10 विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी है। इंग्लिश ओपनर्स ने भारत के 169 के टारगेट को बगैर विकेट गंवाए हासिल कर लिया था।
13 नवंबर को मेलबर्न पाकिस्तान-इंग्लैंड फाइनल
13 नवंबर को मेलबर्न में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। इस मुकाबले में बाबर और रिजवान ने कमाल की पारियां खेलीं। टीम के तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।