चेन्नई/नई दिल्ली : एयर इंडिया की एक उड़ान को रविवार देर रात उस समय चेन्नई में आपात स्थिति में उतारना पड़ा, जब वह तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही थी। विमान में कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल सहित कई अन्य सांसद और सैकड़ों यात्री सवार थे। एयरलाइन के अनुसार, यह फैसला खराब मौसम और एक संभावित तकनीकी खराबी के कारण सावधानी के तौर पर लिया गया।
सांसद वेणुगोपाल ने बताई आपबीती
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने इस घटना को "एक बड़े हादसे से बाल-बाल बचना" बताया है। उन्होंने कहा, "विमान ने थोड़ी देरी से उड़ान भरी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हमें तेज और खतरनाक झटके (टर्बुलेंस) महसूस होने लगे। यह सफर बहुत मुश्किल हो गया था।" वेणुगोपाल ने बताया, "लगभग एक घंटे बाद कैप्टन ने घोषणा की कि विमान के सिग्नल सिस्टम में कोई खराबी है, जिसके चलते हमें सावधानी के तौर पर चेन्नई में उतरना होगा।"
एयर इंडिया ने क्या कहा?
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि की और बताया: उड़ान संख्या AI2455 को खराब मौसम और तकनीकी समस्या के संदेह के कारण चालक दल ने सावधानी के तौर पर चेन्नई की ओर मोड़ दिया।
इसके बाद उन्होंने कहा विमान चेन्नई में पूरी तरह से सुरक्षित उतर गया। वहां उसकी पूरी जांच की जाएगी। प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि चेन्नई में ग्राउंड स्टाफ यात्रियों की मदद कर रहा है और उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
दो घंटे से ज्यादा हवा में रहा विमान
उड़ान पर नजर रखने वाली वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' के अनुसार, एयरबस A320 विमान ने तिरुवनंतपुरम से रात 8 बजे के बाद उड़ान भरी थी। दो घंटे से ज्यादा समय तक हवा में रहने के बाद यह रात करीब 10:35 बजे चेन्नई में उतरा। गौरतलब है कि हाल के दिनों में एयर इंडिया के विमानों में तकनीकी खराबी की कुछ घटनाएं सामने आई हैं।