केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बजट-पूर्व परामर्श में 13 क्षेत्रों और विभिन्न हितधारक समूहों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन चर्चाओं में नवाचार आधारित विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, सामाजिक एवं आर्थिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और अर्थव्यवस्था को अधिक सक्षम तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार बनाने पर जोर दिया गया।
इस परामर्श में उद्योग संघों, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों, भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, युवाओं और अन्य पेशेवरों ने भाग लिया। इसमें कृषि एवं ग्रामीण विकास, विनिर्माण, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) और स्टार्टअप, पूंजी बाजार, बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (BFSI), सूचना प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा एवं सतत विकास, रोजगार एवं श्रम, आवास, शहरीकरण एवं संस्कृति, स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दे, अनुसंधान एवं विकास तथा उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्र शामिल रहे।
इसके अलावा स्कूली शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं खेल, युवा मामले और अर्थशास्त्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।
आर्थिक विकास और समावेशी सुधारों पर जोर
आधिकारिक बयान के मुताबिक, आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर, मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन, वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के सचिव भी इन चर्चाओं में शामिल हुए।
हितधारकों ने ऐसे सुधारों की जरूरत पर जोर दिया, जो व्यापक और समावेशी विकास सुनिश्चित करते हुए आर्थिक वृद्धि को और गति दे सकें।
इन परामर्शों में भारत की मानव पूंजी, नवाचार तंत्र, विनिर्माण क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, कृषि उत्पादकता, आवास सुरक्षा और शिक्षा के परिणामों को मजबूत करने के लिए कई सुझाव सामने आए।
AI, कृषि और MSME क्षेत्र के लिए अहम सुझाव
प्रमुख सुझावों में जैव उर्वरकों और उन्नत जैव प्रौद्योगिकी आधारित कृषि इनपुट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उपाय शामिल रहे। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हार्डवेयर के अनुकूल और विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के हिसाब से विशेष AI मॉडल विकसित करने का सुझाव दिया गया।
MSME और छोटे वित्तीय संस्थानों में साइबर सुरक्षा से जुड़ी जागरूकता तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को मजबूत करने के लिए कार्यक्रम शुरू करने की सिफारिश भी की गई।
ग्रामीण युवाओं और श्रमिकों को गैर-कृषि क्षेत्र में उत्पादक रोजगार तथा टिकाऊ उद्यमों की ओर बढ़ने में मदद देने के लिए लक्षित उपायों का सुझाव दिया गया।
हर बच्चे को पांचवीं तक अखबार पढ़ने और समझने में सक्षम बनाने की सिफारिश
शिक्षा के क्षेत्र में देशव्यापी पठन अभियान शुरू करने का सुझाव दिया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चा पांचवीं कक्षा पूरी करने तक अखबार पढ़ने और उसे समझने में सक्षम हो सके।
आवास क्षेत्र में हितधारकों ने शहरी इलाकों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किराये के मकानों को प्रोत्साहित करने के महत्व को रेखांकित किया।
इसके अलावा टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास में तेजी लाने की भी सिफारिश की गई। इससे युवाओं को शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता की ओर बढ़ने में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।