फतेहाबाद : फतेहाबाद जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन लघु सचिवालय के सभागार में सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, एडीसी अनुराग ढालिया, नगराधीश गौरव गुप्ता, जिला परिवहन अधिकारी संजय बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिला प्रशासन की ओर से पिछली दिशा बैठक में सांसद सैलजा द्वारा दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बैठक में सांसद ने नगर परिषद फतेहाबाद के कार्यों पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था और अधूरे विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया। नगर परिषद अधिकारियों ने कुछ कार्यों के लंबित रहने का कारण जमीन संबंधी मामला कोर्ट में विचाराधीन होना बताया। इस पर सांसद सैलजा ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि नए कार्य किसी कारणवश शुरू नहीं हो पा रहे हैं तो पहले से पूरे हो चुके कार्यों की सफाई और रखरखाव क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने अपने मोबाइल फोन में 20 मई के ताजा फोटो दिखाते हुए अधिकारियों से कहा कि शहर की वास्तविक स्थिति किसी से छिपी नहीं है और जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को भी कार्यों में लापरवाही को लेकर खरी-खरी सुनाई और निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाए तथा शहर में सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए।