जींद : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हरियाणा दौरे से पहले जींद रेलवे स्टेशन पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली इको-फ्रेंडली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, पार्किंग, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ भारतीय रेलवे के हरित, स्वच्छ और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में भारत की बढ़ती प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा इस गौरवपूर्ण अवसर का साक्षी बनने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी विभाग समन्वय के साथ कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। निरीक्षण के दौरान हरियाणा भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली सहित प्रशासन और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।