वेलिंगटन : भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 4 रन से जीत लिया है। हेनरी स्टेडियम में इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
बारिश और गीले मैदान की वजह से मुकाबला देरी से शुरू हुआ, जिसे घटाकर 47-47 ओवरों का कर दिया गया। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवरों में महज 134 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 1.5 ओवर में टिम सेफर्ट (0) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया, उस समय तक मेजबानों का खाता भी नहीं खुल सका था। यहां से हेनरी निकोल्स (11) ने विल यंग (6) के साथ 11 रन और डेरिल मिचेल के साथ 12 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह 23 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद डेरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने टॉम लैथम (7) के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर के साथ छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी करते हुए कीवी टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सेंटनर 38 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिचेल ने 104 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली।
भारत की तरफ से गुरनूर बरार ने 10 ओवरों में 30 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इनके अलावा, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट हाथ लगे।
इसके जवाब में भारतीय टीम ने महज 4 के स्कोर पर कप्तान शुभमन गिल (0) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद विराट कोहली मैदान पर उतरे, लेकिन रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 13 रन जुटा सके। भारतीय टीम ने 17 के स्कोर पर दूसरा विकेट गंवा दिया।
यहां से रोहित ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की, लेकिन रोहित (23) के आउट होने के बाद अक्षर पटेल (7) भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके और भारत ने 47 के स्कोर तक चौथा विकेट भी खो दिया।
इसके बाद केएल राहुल (नाबाद 26) ने मोर्चा संभाला। उन्होंने श्रेयस अय्यर (30) के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 39 रन की साझेदारी की, जबकि नमन धीर (12) के साथ छठे विकेट के लिए 22 रन जुटाए।
भारतीय टीम ने 108 के स्कोर पर अपना छठा विकेट गंवाया। मेहमान खेमे में अभी 3 ही रन जुड़ सके थे कि अंशुल कंबोज (1) भी विकेट खो बैठे, जिसके बाद मैच रोमांचक हो गया था। टीम इंडिया ने 26 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए थे, तभी मैच ने खलल डाल दिया।
बारिश रुकने का काफी देर इंतजार किया गया, लेकिन आखिरकार भारत को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर विजेता घोषित कर दिया गया। मेजबान खेमे से काइल जेमीसन और जैकब डफी को 3-3 सफलताएं हाथ लगीं, जबकि मैथ्यू फिशर ने 1 विकेट चटकाया।