हिसार : दिवाली के त्योहार से पहले उकलाना में आबादी क्षेत्र के बीच अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। CM फ्लाइंग हिसार की टीम ने दमकल विभाग व पुलिस टीम के साथ गुरुवार को पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 159 किलोग्राम पटाखे बरामद किए।
दुकान संचालक मौके पर पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई लाइसेंस या अनुमति पेश नहीं कर पाया। दमकल विभाग की टीम ने बरामद पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में सीएम फ्लाइंग की शिकायत पर दुकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ दमकल विभाग के अधिकारी रणदीप श्योकंद, एसआई बलवान और हेड कांस्टेबल विजय भी मौजूद रहे।
गुप्त सूचना पर पुरानी अनाज मंडी में की रेड
जानकारी के अनुसार CM फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना को गुप्त सूचना मिली थी कि उकलाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर (टेकराम सिंगला) पर बिना किसी अनुमति और लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखे स्टॉक किए गए हैं तथा उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीएम फ्लाइंग की टीम दमकल विभाग के अधिकारियों व पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान दुकान में करीब 159 किलोग्राम पटाखे मिले। दुकान संचालक पटाखों को रखने और बेचने के लिए कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बरामद पटाखों को अपने कब्जे में ले लिया।
आबादी के बीच पटाखों का स्टॉक बना था खतरा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पटाखों का भंडारण पुरानी अनाज मंडी के आबादी क्षेत्र में स्थित जनरल स्टोर में किया गया था। ऐसे स्थान पर बड़ी मात्रा में पटाखे रखना आसपास के दुकानदारों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। पटाखों में आग लगने या विस्फोट होने की स्थिति में आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र में जान-माल का नुकसान होने की आशंका थी।
गनीमत रही कि दीपावली से पहले CM फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए पटाखों को बरामद कर लिया। स्थानीय लोगों ने भी आबादी क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण पर चिंता जताते हुए कार्रवाई को जरूरी बताया।
पहले भी पटाखों के गोदाम में हो चुका है बड़ा हादसा
गौरतलब है कि करीब दो-तीन साल पहले उकलाना क्षेत्र में लितानी मोड़ के पास बनाए गए पटाखों के गोदाम में विस्फोट होने से बिठमड़ा गांव के एक युवक की मौत हो गई थी। उस हादसे के बावजूद आबादी क्षेत्र में पटाखों का अवैध भंडारण किए जाने का मामला सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बिना लाइसेंस पटाखे रखने और बेचने वालों पर होगी कार्रवाई : सुनैना
CM फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश हैं कि बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उकलाना में कार्रवाई के दौरान करीब 159 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए हैं। दुकान संचालक के पास न तो पटाखे रखने और बेचने का लाइसेंस मिला और न ही दमकल विभाग की एनओसी प्रस्तुत की गई। बरामद पटाखे दमकल विभाग के सुपुर्द कर दिए गए हैं। मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए उकलाना पुलिस को शिकायत दी गई है।
उन्होंने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की कि बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पटाखों का भंडारण या बिक्री न करें। आबादी क्षेत्र में इस तरह पटाखे रखना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दुकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज होगा
उकलाना के जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि CM फ्लाइंग टीम की शिकायत पर सिंगला जनरल स्टोर के मालिक के खिलाफ बिना अनुमति बिक्री के लिए करीब 159 किलोग्राम पटाखे रखने के मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। बरामद पटाखे दमकल विभाग ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।