नई दिल्ली: इन दिनों जो रूट अपने बल्ले से गर्दा उड़ा रहे हैं, दुनिया का हर एक बल्लेबाज ऐसी ही फॉर्म की चाह रखता है। वह इस साल टेस्ट मैचों में 65 से ज्यादा के औसत से रन बना रहे हैं और महज 12 मैचों में 1,248 रन बना चुके हैं। इसी फॉर्म के आधार पर अटकलें लगाई जाने लगी हैं कि रूट कुछ ही समय में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे। पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में 262 रनों की शानदार पारी खेल चुके जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में 12,664 रन बना लिए हैं।
एक इंटरव्यू में जो रूट ने कहा कि, मैं अभी कुछ नहीं कह सकता वो आंकड़ा अभी मुझसे कुछ दूर नजर आता है। जो रूट अब तक 147 टेस्ट मैचों में 12664 रन बना चुके हैं। दूसरी ओर सचिन ने 200 टेस्ट मुकाबलों में 15,921 रन बनाए थे। रूट अभी भारत के इस महान बल्लेबाज से 3,257 रन दूर हैं और इस फासले को कम करने में अभी रूट को करीब तीन साल और टेस्ट क्रिकेट खेलना पड़ सकता है।