ईरान युद्द के बाद इजरायल में आम चुनाव हुए तो अमेरिका में मध्यावधि चुनाव करवाए गए। दोनों में ही सत्ताधारी दल को झटका लगा। एक तरफ नेतन्याहू की लिकुड पार्टी बहुमत से दूर रह गई तो दूसरी ओर अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स ने बाजी मार ली। अब डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ युद्ध को लेकर पीछे हट रहे हैं। तो वहीं रिपोर्ट्स में सामने आया है कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रोज ही ट्रंप को फोन लगा देते हैं और कहते हैं कि ईरान से युद्ध फिर शुरू किया जाए।
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट की मानें तो नेतन्याहू चाहते हैं कि ईरान के साथ युद्ध एक बार फिर शुरू हो जाए। वह एक बार फिर से सरकार बनाने का मौका भी तलाश रहे हैं। वहीं अरब के नेताओं का कहना है कि किसी भी तरह इस युद्ध का हल निकाला जाए और युद्ध बंद हो।
नेतन्याहू क्यों चाहते हैं ईरान से युद्ध
आम चुनाव में बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी को 53 सीटें मिली हैं। वहीं उनको सरकार बनाने के लिए कोई सहयोगी नहीं मिल रहा है। विपक्षी याशर पार्टी को 48 सीटें ही मिली हैं लेकिन अरब पार्टियां उनका समर्थन करने को तैयार हैं। ऐसे में राष्ट्रपति ने भी गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का न्योता दे दिया है। अब एक तरफ बेंजामिन नेतन्याहू किसी तरह से अरब पार्टियों को भड़काने की कोशिश में लगे हैं कि वे आइजनकोट का समर्थन ना करें। दूसरी तरफ उन्हें उम्मीद है कि अगर ईरान से युद्ध फिर से शुरू हो जाता है तो हो सकता है कि उनके सहयोगियों का मन बदल जाए और वे उनका समर्थन कर दें।
डोनाल्ड ट्रंप कर चुके हैं 'युद्ध खत्म' करने का ऐलान
मध्यावधि चुनाव के बाद डोनाल्ड ट्रंप पर भी ईरान के खिलाफ युद्ध में अर्थव्यवस्था को झोंकने का आरोप लग रहा है। इसी बीच एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने कहा कि आज अगर इजरायल बचा है तो उनकी वजह से ही बचा है। वहीं यह युद्ध अपने लिए नहीं बल्कि इजरायल के लिए लड़ा गया है इसलिए उसे नुकसान की भी भरपाई करनी पड़ेगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध लगभग खत्म हो चुका है। ऐसे में लगता है कि वह ईरान पर फिर से हमला नहीं करना चाहते हैं। आम चुनाव के बाद सिर्फ कार्यकारी प्रधानमंत्री के तौर पर काम कर रहे नेतन्याहू का अब ज्यादा दबाव भी ट्रंप पर नहीं पड़ने वाला है। ऐसे में ईरान के साथ युद्ध की संभावनाएं अब नहीं नजर आ रही हैं।