कुरुक्षेत्र : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गुरु रविदास जी के 'बेगमपुरा' के सपने को धरातल पर साकार करने के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' वास्तव में गुरु रविदास जी की समरसता और समानता की विचारधारा का ही आधुनिक और व्यावहारिक रूप है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650 वीं पावन जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत समारोह कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा का उमरी में पहुंचने पर स्वागत किया और श्री गुरु रविदास महाराज की चरण पादुकाओं को सिर पर रखकर मंच तक पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश वासियों को संविधान दिवस की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर और संविधान निर्माताओं को नमन किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समानता, समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से आरंभ हुई यह यात्रा 16 दिनों में लगभग 2,402 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह यात्रा हरियाणा के 8 जिलों से होते हुए 3 दिसंबर को गुरु जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुरु रविदास जी के समता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय का जीवंत संदेश है। आज से साढ़े छह सौ वर्ष पूर्व, जब हमारा समाज तमाम तरह की कुरीतियों, ऊंच-नीच, भेदभाव और आडंबरों की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब काशी की पावन धरती पर एक ऐसे दिव्य सूर्य का उदय हुआ, जिसने अपने ज्ञान और भक्ति के प्रकाश से पूरे विश्व को आलोकित कर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय भक्ति परंपरा में संत रविदास जी का स्थान अद्वितीय है। गुरु रविदास जी संत के साथ-साथ महान समाज सुधारक, युग दृष्टा और मानवता के सच्चे पथप्रदर्शक थे। पंद्रहवीं-सोलहवीं शताब्दी के इस महान समाज सुधारक और कवि ने अपने वाणी और कर्म से समाज में व्याप्त विषमता, छुआछूत और भेदभाव के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाई। उन्होंने कर्म की प्रधानता को सर्वोपरि माना। उनका प्रसिद्ध कथन 'मन चंगा तो कठौती में गंगा', आज भी हमें यह सिखाता है कि ईश्वर किसी बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि हमारे शुद्ध अंतःकरण, हमारी ईमानदारी और हमारे नेक कर्मों में वास करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी ने हमें एक ऐसे आदर्श समाज की परिकल्पना दी थी, जिसे उन्होंने 'बेगमपुरा' का नाम दिया। बेगमपुरा अर्थात् एक ऐसा शहर, एक ऐसा स्थान, जहां कोई गम न हो, कोई दुख न हो, कोई चिंता न हो, जहां न कोई कर का भय हो, न किसी प्रकार का भेदभाव हो, और जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो।
गांव उमरी में 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार संतों एवं महापुरुषों की शिक्षाओं और विचारों को भावी पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ चलाई जा रही है। इस कड़ी में गांव उमरी में 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण करवाया जा रहा है। इस धाम में संत गुरु रविदास महाराज जी की 125 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह धाम उत्तर भारत में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का किया गठन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। अनुसूचित जाति के अधिकारों के संरक्षण के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया गया है तथा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पदों में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।