नारायणगढ़ (सुशील कुमार)नारायणगढ़ क्षेत्र के गांव बरौली में श्री शिव शक्ति गोगा माड़ी मंदिर कमेटी बरौली द्वारा श्री हनुमान जन्मोत्सव का पर्व हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मंदिर परिसर में मनाया गया। इस अवसर पर श्री हनुमान जी की प्रतिमा को आकर्षक फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः हवन यज्ञ से हुई, जिसमें गांव के श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। हवन के उपरांत महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। “राम ना मिलेंगे हनुमान के बिना” जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरे वातावरण में भक्ति की गूंज सुनाई दी।
दोपहर 12:15 बजे कंजक पूजन के साथ भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री कर्ण प्रताप सिंह, चेयरमैन अयन फाउंडेशन, ने मंदिर परिसर में पहुंचकर श्री हनुमान जी के दर्शन किए और सभी ग्रामवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर कमेटी द्वारा मुख्य अतिथि को शाल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी के प्रधान मलूक सिंह नंबरदार एवं ग्रामवासियों ने मंदिर के विकास कार्यों हेतु एक मांग पत्र मुख्य अतिथि को सौंपा, जिस पर उन्होंने हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में मंदिर कमेटी के सदस्य सुशील उपाध्याय,अश्वनी बंसल, नरेश बिट्टू, करनैल सिंह नंबरदार, जागेश्वर दास,राजेश शर्मा, बंसी लाल, वीरेन्द्र गुप्ता कर्मचंद,मुकेश कुमार, रामपाल, सुशील कुमार, ख़ेमन बंसल,रामपाल नंबरदार ग्रामवासी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।