मुंबई: टीम इंडिया किसी भी सूरत में चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। बीसीसीआई के सूत्रों ने बताया, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अगर हाइब्रिड मॉडल के लिए नहीं माना, तो टीम इंडिया टूर्नामेंट नहीं खेलेगी। अगर पाकिस्तान ने टूर्नामेंट होस्ट नहीं किया, तो भारत इसकी मेजबानी के लिए भी तैयार है। आईसीसी ने शुक्रवार को मीटिंग बुलाई है, जिसमें वेन्यू को लेकर फाइनल फैसला लिया जाएगा। भारत सरकार ने बीसीसीआई से साफ कह दिया है कि चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी। सरकार ने बीसीसीआई से आईसीसी में अपने तर्क को मजबूती से रखने के लिए कहा है। आईसीसी में पाकिस्तान के हालात और खिलाडिय़ों की सुरक्षा की अहमियत बताने के लिए भी कहा गया है।
सरकार ने यह तक कह दिया है कि अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चैंपियंस ट्रॉफी करवाने से मना किया तो भारत इसकी मेजबानी करेगा। अगर आईसीसी ने भारत को मेजबानी सौंपी तो सरकार की ओर से पूरा सपोर्ट मिलेगा। इतना ही नहीं, चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए भारत आने वाली टीमों के प्लेयर्स को वीजा मिलने में भी दिक्कत नहीं आएगी।
पाकिस्तान ने रेनोवेट करवाया स्टेडियम
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चैंपियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर लगातार तैयारी कर रहा है। पीसीब ने तीनों स्टेडियम का काम तकरीबन पूरा कर लिया है। उन्होंने लाहौर, कराची और रावलपिंडी स्टेडियम के रेनोवेशन पर 12.5 बिलियन पाकिस्तान रुपए खर्च किए हैं। इस बीच, भारत सरकार ने पहले ही अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था। बीसीसीआई ने आईसीसी को बताया था कि टीम टूर्नामेंट को पाकिस्तान में नहीं खेलेगी। यदि पाकिस्तान हाइब्रिड मॉडल पर नहीं मानता है, तो फिर टूर्नामेंट दूसरे देश में शिफ्ट हो सकता है।
वनडे वल्र्ड कप के लिए भारत आई थी पाक टीम
पाकिस्तान की टीम पिछले साल वनडे वल्र्ड कप खेलने के लिए भारत आई थी। तब इंडिया और पाकिस्तान के बीच अहमदाबाद में 14 अक्तूबर को मुकाबला खेला गया था। इस मैच को भारतीय टीम ने सात विकेट से जीता था। कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर ने फिफ्टी जमाई थी। जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच बने थे। उन्होंने 19 रन देकर दो विकेट लिए थे।
2008 में आखिरी बार पाकिस्तान गई थी टीम इंडिया
टीम इंडिया ने 2008 में आखिरी बार पाकिस्तान का दौरा किया था। तीन टेस्ट मैचों की उस सीरीज को भारतीय टीम ने 1-0 से जीता था। इस सीरीज के दो मैच ड्रॉ रहे थे।
2013 में द्विपक्षीय सीरीज खेलने भारत आया था पड़ोसी मुल्क
पाकिस्तान ने 2012-13 में भारत का आखिरी दौरा किया था। उस दौरे में तीन वनडे और दो टी-20 मैचों की बाइलैटरल सीरीज खेली गई थी। वनडे सीरीज को पाक ने 2-1 से जीता था, जबकि टी-20 सीरीज 1-1 की बराबरी पर रही थी।
मुंबई में आतंकी हमले के बाद से चल रहा विरोध
भारतीय टीम ने 2007-08 के बाद से पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। 2008 में मुंबई पर आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाक में क्रिकेट खेलने से मना कर दिया। तब से दोनों टीमें आईसीसी और एसीसी के टूर्नामेंट में ही खेलती हैं। 2013 के बाद से दोनों टीमें 13 वनडे और आठ टी-20 मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेल चुकी हैं।