हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान समयबद्ध तरीके से करना सरकार की प्राथमिकता है। कृष्ण कुमार बेदी सोमवार को जिला फतेहाबाद में जिला लोक संपर्क एवं जनपरिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 9 का मौके पर निपटान किया गया, जबकि 4 मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। दैयड़ के किसानों ने शिकायत रखी कि नरमा फसल के बीमा क्लेम में गलत ऑब्जेक्शन लगाए जाने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इस मामले में एडीसी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत की गई।
एक अन्य मामले में जिला राजस्व अधिकारी ने बताया कि किसानों के लिए 116.89 करोड़ रुपये का क्लेम स्वीकृत हुआ था, जिसमें से 68 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। कुछ मामलों में मिसमैच के कारण भुगतान लंबित था। बीमा कंपनी द्वारा 23 जुलाई को 33 गांवों के किसानों को 48 करोड़ रुपये का भुगतान जारी कर दिया गया है। करीब 30 लाख रुपये की राशि कुछ मामलों में मिसमैच तथा संबंधित किसानों की मृत्यु के कारण लंबित है, जिसका नियमानुसार समाधान कर भुगतान करवाया जाएगा।
कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि किसानों को फसल बीमा योजना सहित सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र समाधान किया जाए।
एक अन्य मामले में ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए बिछाई गई पाइप लाइन के कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायत रखी। अधिकारियों ने बताया कि कार्य में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की गई है और भुगतान भी रोका गया है। अधिकारी की नियुक्ति के बाद लंबित कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि आवश्यक कार्रवाई पूरी कर पाइप लाइन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करवाया जाए।