नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 की नीलामी से पहले ऋषभ पंत को रिटेन नहीं किया था। पंत टीम के कप्तान थे और दुनिया के सबसे बेहतरीन विकेटकीपर के रूप में गिने जाते हैं। इसके बाद भी फ्रेंचाइजी ने उन्हें अपने साथ बरकरार नहीं रखा। अब पंत आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में शामिल होंगे। उससे पहले लगातार कयास लगाए जा रहे हैं कि ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स से क्यों अलग हुए? भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर का सोचना है कि पैसे की वजह से दिल्ली और पंत के रास्ते अलग हुए होंगे।
उन्होंने कहा, कभी-कभी जब खिलाड़ी को रिटेन किया जाना होता है, तो फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच फीस के बारे में बात होती है। सुनील गावस्कर के वीडियो पर खुद ऋषभ पंत ने कमेंट किया है। अभी तक पंत ने रिटेंशन और ऑक्शन के बारें में बात नहीं की, लेकिन इस बार उन्हें चुप्पी तोड़ दी। पंत ने वीडियो के कमेंट में लिखा, मैं यह निश्चित रूप से कह सकता हूं कि मेरा रिटेंशन पैसे को लेकर नहीं था।