यमुनानगर : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपरांत राज्यपाल ने आम जनता की सुविधा के लिए एक एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए राज्यपाल ने बताया कि राज्य के सभी 23 जिलों में एम्बुलेंस सेवाएं समर्पित की गई हैं। इन एम्बुलेंस सेवाओं की सबसे खास बात यह है कि आम जनता से इसके उपयोग के लिए कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा यह सेवा पूरी तरह से नि:शुल्क होगी। समारोह के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी, जिला प्रशासनिक अधिकारी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।