चंडीगढ़ : राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 132वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे राज्य में गैंगस्टरों के सहयोगियों के रूप में पहचाने और मैप किए गए 446 स्थानों पर छापेमारी की।
उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’—पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाया जा रहा एक निर्णायक अभियान है, जिसे 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष कार्रवाई कर रही हैं।
132वें दिन पुलिस टीमों ने 192 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ एक हथियार भी बरामद किया, जिससे अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियां 33,119 हो गई हैं।
इसके अलावा 57 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई, जबकि 7 व्यक्तियों को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 3 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है।
लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की जानकारी साझा कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 457वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए आज 75 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 673 ग्राम हेरोइन, 74 किलोग्राम भुक्की, 1900 नशीली गोलियां तथा 31,850 रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही केवल 457 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 66,093 हो गई है। नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 2 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार के लिए सहमत भी कराया है।