चंडीगढ़ : मंगलवार को जननायक जनता पार्टी ने छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ जिले में होने वाली स्थापना दिवस रैली की तैयारियां को आगे बढ़ाते हुए करनाल में एक महत्वपूर्ण बैठक की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में रैली की तैयारियों के लिए बनाए गए जिला प्रभारियों और हलका प्रभारियों के साथ मंत्रणा की गई। पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जेजेपी प्रमुख अजय चौटाला ने कहा कि रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है।
उन्होंने कहा कि अहीरवाल में वाली जेजेपी की रैली कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी रैली की तैयारियों में जी-जान से जुट जाए। पत्रकारों से रूबरू होते हुए हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा सरकार आज सड़क पर उतरकर चुनाव आयोग की गलतियां छिपाने में लगी हुई है और इतनी बड़ी गड़बड़ियों के बावजूद चुनाव आयोग इस मामले में चुप्पी साधे बैठा है। वहीं इससे पहले वोट गड़बड़ियों वाले हरियाणा, पश्चिम बंगाल जैसे चुनावी राज्यों में जाकर चुनाव आयोग ने प्रवक्ता की तौर पर भाजपा सरकार का पक्ष लिया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि चुनाव आयोग ने एसआईआर के लिए जल्दबाजी की और इसका खामियाजा वोट काटे गए करोड़ों मतदाताओं को भुगतना पड़ा रहा है। पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सवाल किया कि अगर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी जायज मतदाता का वोट कट गया है तो उसे दोबारा वोट बनवाने के लिए कौन सा फॉर्म भरना होगा ?, चुनाव आयोग के पास इसका कोई जवाब नहीं है। आज मतदाता को अपना वोट दोबारा बनवाने के लिए केवल फार्म 6ए का ही विकल्प है, जबकि इसी फार्म में ही मतदाता को यह शपथ देनी होती है कि वो पहली बार अपना वोट बनवा रहा है जो कि अपने आप में कानूनी रूप से गलत है, क्योंकि उक्त मतदाता से आयोग झूठी घोषणा करवा रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्हें यह भी आशंका है कि हरियाणा में बड़े पैमाने पर चुनाव से पहले डबल वोट बनवाए गए। अब उन्हीं डबल वोटों को एसआईआर के जरिए काटाकर बचाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जेजेपी अपने स्तर पर प्रदेशभर में साल 2022, 2024 और 2026 की मतदाता सूचियों का मिलान कर तथ्यों को हरियाणा की जनता के सामने लाएगी। एक सवाल के जवाब में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि संविधान द्वारा दिए गए अधिकार को सड़क पर उतरकर मांगना अराजकता नहीं है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की आवाज को दबाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार से सवाल पूछता है या फिर अपनी बात रखता है तो उसकी वीडियो को सोशल मीडिया से ही हटा दिया जाता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने सीएम से सवाल पूछा था कि ढाई साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने हरियाणा में कितने उद्योग स्थापित करवाए ? सरकार ने इस सवाल का जवाब देने की बजाय वीडियो ही डिलीट करवा दिया। उन्होंने कहा कि जब-जब जनता की आवाज का गला घोटा गया है तब-तब युवाओं ने अंगड़ाई ली और उस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका है।