नई दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज सोमवार को यहां 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच का उद्घाटन किया और कहा कि विभिन्न देशों की संसद उनके बीच विश्वास कायम करने और तनाव कम करने में मदद कर सकती हैं।
संविधान सदन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में उद्घाटन संबोधन के दौरान बिरला ने प्रतिनिधियों से कहा कि क्षेत्रीय संघर्ष, युद्ध, आर्थिक अस्थिरता, व्यापारिक तनाव, आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन किसी एक देश की सीमाओं तक सीमित नहीं रहते। उन्होंने कहा कि इन वैश्विक चुनौतियों के कारण संवाद, कूटनीति और सहयोग का महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि आपसी समझ और विश्वास मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय तनाव कम करने तथा वैश्विक चुनौतियों का शांतिपूर्ण समाधान खोजने में ‘‘विभिन्न देशों की संसद विशेष भूमिका निभा सकती हैं।’’
नई दिल्ली में दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। भारत ने जून 2025 में ब्रासीलिया में आयोजित 11वें ब्रिक्स संसदीय मंच के दौरान इसकी अध्यक्षता संभाली थी। उस समय बिरला को 12वें मंच का अध्यक्ष नामित किया गया था।