न्यूजीलैंड महिला टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है और अब वह सीरीज जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 149 रन बनाए
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में सात विकेट पर 149 रन बनाए। टीम की कप्तान लौरा वोल्वाड्ट ने 39 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 37 रन की पारी खेली। वहीं एनेरी डर्कसेन ने 18 गेंदों में 27 रन और क्लो ट्रायोन ने 12 गेंदों में 15 रन बनाए। आखिरी ओवरों में कायला रेनेके ने 20 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से गेंदबाजी में सोफी डिवाइन और सूजी बेट्स ने दो-दो विकेट हासिल किए। जेस केर और रोजमेरी मैयर को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने 18.4 ओवरों में चार विकेट पर 152 रन बनाकर मैच जीता
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने 18.4 ओवरों में चार विकेट पर 152 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपने नाम कर लिया। शुरुआत में बल्लेबाज इसाबेला गेज ने 15 गेंदों में 17 रन और कप्तान अमेलिया केर ने 28 गेंदों में 30 रन का बनाए। इसके बाद सोफी डिवाइन ने शानदार पारी खेलते हुए 38 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। मैडी ग्रीन ने भी 25 गेंदों में नाबाद 34 रन की उपयोगी पारी खेली।
सोफी डिवाइन को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया
दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी की बदौलत न्यूजीलैंड ने 18.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया। सोफी डिवाइन को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अब सीरीज का चौथा मुकाबला 22 मार्च को वेलिंगटन के स्काई स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि पांचवां और अंतिम मैच 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में होगा।