गुरुग्राम : हरियाणा के गुरुग्राम में मुशदपुर-खुरमपुर गांव के पास स्थित 'ओम साईंराम इंडस्ट्री' नामक फैक्ट्री में आधी रात के बाद अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया. आसमान में उठती आग की गगनचुंबी लपटों और धुएं के गुबार को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम के अनुसार, शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:40 बजे इस हादसे की सूचना मिली थी. रात का समय होने के कारण शुरुआत में आग की भयावहता का अंदाजा नहीं लगाया जा सका. लेकिन जब पटौदी फायर स्टेशन की टीम सबसे पहले मौके पर पहुँची, तो हालात बेकाबू देख तुरंत अन्य फायर स्टेशनों से अतिरिक्त मदद मांगी गई.
घेराबंदी कर बौछारें : स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मानेसर, भीम नगर, सेक्टर-37 और सेक्टर-29 सहित कुल छह फायर स्टेशनों से 8 फायर टेंडरों (गाड़ियों) को काम पर लगाया गया. फायर कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों तरफ से घेरकर पानी की बौछारें शुरू कीं, लेकिन कई घंटों की भारी जद्दोजहद के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है.
बड़ा जानी नुकसान टला, लाखों के माल की आशंका : कोई हताहत नहीं: राहत की बात यह है कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. माना जा रहा है कि रात का समय होने के कारण फैक्ट्री में श्रमिक मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया.
सर्च ऑपरेशन : अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और कूलिंग का काम संपन्न होने के बाद फैक्ट्री के भीतर सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि मलबे की स्थिति साफ हो सके.
शॉर्ट सर्किट हो सकता है कारण : आग लगने की असली वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट का नतीजा माना जा रहा है.
भारी वित्तीय नुकसान : इस अग्निकांड में फैक्ट्री की इमारत के साथ-साथ भीतर रखा कीमती कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनें जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी हैं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है.
प्रशासनिक कार्रवाई : स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं. नुकसान के सटीक आकलन के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन ने फैक्ट्री मालिक से सुरक्षा मानकों और एनओसी (NOC) से जुड़े दस्तावेज भी तलब किए हैं.