चंडीगढ़ : जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए कहा है कि भाजपा राज में प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं बची है।
उन्होंने कहा कि रोहतक में ढाबे पर चार युवकों की सरेआम गोली मारकर हत्या कर देना प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का बेहद चिंताजनक ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आए दिन गैंगवार, लूटपाट, फिरौती और व्यापारियों को धमकी भरे फोन आ रहे हैं। प्रदेश में बदमाशों का राज है, व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
दिग्विजय चौटाला ने सवाल करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में जाकर नशे और गैंगस्टरवाद पर बड़े-बड़े दावे करते है, लेकिन अपने ही प्रदेश हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर उनकी चुप्पी क्यों है? उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश की जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, उसी प्रदेश को असुरक्षा के माहौल में छोड़कर राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहना कहां तक उचित है?
दिग्विजय ने कहा कि सीएम नायब सैनी रोजाना पंजाब में जाकर झूठे दावे करने की बजाय हरियाणा की बिगड़ी कानून व्यवस्था को संभाले। दिग्विजय ने ये भी कहा कि भाजपा राजनीति दल नहीं बल्कि अमर बेल है यह जिसके साथ लगती है उसको सुखा देती है। देश और प्रदेश को बर्बाद करके उसे सुखाने का काम भाजपा सरकार रही है इसलिए देश की जनता को भाजपा से जल्द छुटकारा पाना होगा, नहीं तो यह देश को पूर्ण रूप से बर्बाद कर देगी।