कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि अगर दीदी (ममता बनर्जी) में हिम्मत है, तो वह बिना हिंसा के चुनाव लडक़र दिखाएं, उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने वोटबैंक के लिए तुष्टिकरण की सारी हदें पार कर दी हैं। हमारे लोग पहलगाम में मारे गए। ऑपरेशन सिंदूर के तहत, हमने 100 किमी (पाकिस्तान के अंदर) जाकर उनके मुख्यालय को नष्ट कर दिया। सैकड़ों आतंकवादी मारे गए और इससे दीदी का पेट दुखता है। उन्होंने एक राजनीतिक भाषण दिया और ऑपरेशन सिंदूर का विरोध किया। उन्होंने देश की करोड़ों महिलाओं की भावनाओं के साथ भी खिलवाड़ किया है। पश्चिम बंगाल की बहनों और माताओं को आगामी चुनावों में ममता बनर्जी को सिंदूर का मूल्य सिखाना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि हमें पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनानी है। घुसपैठ रोकनी है, भ्रष्टाचार रोकना है और हिंदुओं का पलायन रोकना है।
उन्होंने कहा, वर्षों तक बंगाल में कम्युनिस्टों का शासन था। उसके बाद ममता बनर्जी ‘मां, माटी, मानुष’का नारा देकर आईं। उन्होंने बंगाल की महान भूमि को घुसपैठ, महिलाओं पर अत्याचार, अपराध, बम विस्फोट और हिंदुओं के साथ अनैतिकता की भूमि में बदल दिया। ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद पश्चिम बंगाल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। दीदी, मेरी बात सुनिए, अब आपका समय खत्म हो गया है। भाजपा 2026 में सरकार बनाएगी। गृह मंत्री शाह ने कहा कि कोलकाता के बाजार में युवाओं की नौकरियां बिकती हैं। इनके घरों से इतना पैसा पकड़ा जाता है कि गिनते-गिनते मशीनें थक जाती हैं। अब इस सिलसिले को बंद करना ही होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल का चुनाव सिर्फ बंगाल के भविष्य को ही नहीं तय करता है, बल्कि यह देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हुआ है।