हिसार: हरियाणा के लोगों के लिए अच्छी खबर है। 9 जून 2025 से हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए विमान सेवा शुरू हो सकती है। इस रूट पर सफर करने में जहां अभी सड़क मार्ग से 5 घंटे से अधिक समय लगता है, वहीं अब यात्री केवल 45 मिनट में चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे।
फ्लाइट सेवा शुरू होने के बाद, इसका एकतरफा किराया करीब 2500 से 3000 रुपये तक हो सकता है। हालांकि, उड़ान का आधिकारिक शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है।
फिलहाल हिसार एयरपोर्ट से केवल अयोध्या के लिए सीधी विमान सेवा उपलब्ध है। लेकिन अब धीरे-धीरे अन्य गंतव्यों के लिए भी फ्लाइट्स की शुरुआत की जा रही है। हिसार से चंडीगढ़ के बीच की दूरी लगभग 252 किलोमीटर है।
बताया जा रहा है कि इस नई विमान सेवा का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद कर सकते हैं। सरकार की योजना है कि हिसार एयरपोर्ट को प्रदेश का प्रमुख घरेलू हवाई अड्डा बनाया जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर और तेज यात्रा सुविधा मिल सके।
इस सेवा के शुरू होने से खासतौर पर व्यापारियों, छात्रों और सरकारी अधिकारियों को बड़ा लाभ मिलेगा, जो अक्सर चंडीगढ़ की यात्रा करते हैं।