भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में अगस्त के दौरान Reliance Jio ने सबसे ज्यादा मोबाइल ग्राहक जोड़े। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, Jio ने महीने में करीब 24 लाख वायरलेस मोबाइल ग्राहक जोड़े।
आंकड़ों के अनुसार, Jio ने अगस्त में 24 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े, जो सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों में सबसे ज्यादा रहे। Bharti Airtel ने 21 लाख, वोडाफोन आइडिया ने करीब 5.1 लाख और BSNL ने लगभग 4.9 लाख ग्राहक जोड़े।
अगस्त में भारत का कुल वायरलेस मोबाइल ग्राहक आधार करीब 55 लाख बढ़कर 1.29 अरब हो गया। वहीं, Reliance Communications के ग्राहकों में 87 की कमी आई, जबकि MTNL ने करीब 5,900 ग्राहक गंवाए।
ब्रॉडबैंड बाजार में भी लगातार विस्तार देखने को मिला। कुल ब्रॉडबैंड ग्राहक आधार जुलाई के 1.09 अरब से बढ़कर अगस्त में 1.10 अरब हो गया, यानी महीने-दर-महीने 0.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
ब्रॉडबैंड सेगमेंट में Jio 53.803 करोड़ ग्राहकों के साथ सबसे आगे रहा। Airtel के 38.639 करोड़,वोडाफोन आइडिया के 13.088 करोड़ और BSNL के 2.782 करोड़ ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे। देश के शीर्ष पांच ब्रॉडबैंड सेवा प्रदाताओं की कुल बाजार हिस्सेदारी 98.58 प्रतिशत रही।
फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) सेगमेंट में भी Jio ने ग्राहक जोड़ना जारी रखा। कंपनी ने अगस्त में 5G FWA के 1,48,870 ग्राहक जोड़े, जिससे उसका 5G FWA ग्राहक आधार बढ़कर 94.2 लाख हो गया।
UBR आधारित FWA ग्राहक आधार में भी Jio ने 2,29,659 ग्राहकों की वृद्धि दर्ज की और यह संख्या 53.7 लाख हो गई। दोनों सेगमेंट को मिलाकर Jio ने अगस्त में करीब 3.8 लाख FWA कनेक्शन जोड़े।
वहीं, Airtel ने अगस्त में 96,339 नए 5G FWA ग्राहक जोड़े। इस आधार पर अगस्त में Jio के कुल FWA ग्राहक जोड़ने की संख्या Airtel के 5G FWA additions से करीब चार गुना रही।
अगस्त के अंत तक भारत में कुल FWA ग्राहक आधार 1.882 करोड़ रहा। इसमें 1.345 करोड़ 5G FWA और 53.7 लाख UBR FWA कनेक्शन शामिल थे।
फिक्स्ड-वायर्ड ब्रॉडबैंड के मामले में भी Jio सबसे आगे रहा। कंपनी के 1.481 करोड़ ग्राहक थे, जबकि एयरटेल के पास 1.144 करोड़ ग्राहक रहे।
इस बीच, अगस्त में भारत का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार 64.2 लाख बढ़कर 1.36 अरब हो गया। देश की कुल टेली-डेंसिटी भी बढ़कर 95.07 प्रतिशत हो गई।
अगस्त के आंकड़े बताते हैं कि मोबाइल सेगमेंट में ग्राहक जोड़ने के मामले में Jio की बढ़त बनी रही। इसके साथ ही कंपनी ने ब्रॉडबैंड बाजार में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखी और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी का विस्तार किया।