झज्जर : हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा रविवार को झज्जर जिले के गांव सिलानी पहुंचे। यहां आयोजित एक निजी कार्यक्रम में उन्होंने अखाड़े के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में पहुंचने पर जिला पार्षद योगेश सिलानी और ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान गांव के गणमान्य लोगों और युवाओं ने भी उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार द्वारा लाए गए परिसीमन बिल और महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में पास कराने में इंडिया गठबंधन की पार्टियों के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए का संकल्प महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना है। प्रधानमंत्री केवल बातें नहीं करते,बल्कि संकल्प लेकर उन्हें पूरा करने की दिशा में काम करते हैं।
इसी तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी वायदे नहीं,बल्कि संकल्प करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरा एनडीए महिला आरक्षण बिल को लागू कराने के लिए संकल्पबद्ध है। परिसीमन होगा और महिला आरक्षण भी आएगा। केंद्र सरकार इस दिशा में बिल लेकर आई है और निश्चित तौर पर यह पास होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को पूरा करने में महिला आरक्षण और परिसीमन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। यह देश के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। गांव सिलानी में अखाड़े की आधारशिला रखने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांव के नौजवान साथियों ने एक अच्छी पहल की है।
सतीश पहलवान स्वयं मेडलिस्ट हैं और उन्होंने अखाड़े के निर्माण के लिए अपनी जमीन देकर सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी हरियाणा आते हैं तो जय जवान, जय किसान और जय पहलवान का नारा देते हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सेना में हर 11वां जवान हरियाणा से है। वहीं,अन्न उत्पादन में भी हरियाणा देश का दूसरा बड़ा राज्य है और देश के अन्न भंडार भरने में प्रदेश का विशेष योगदान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अखाड़े के निर्माण से गांव के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।