बिलासपुर : दीपावली के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं से निपटने के लिए बिलासपुर जिला अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। त्यौहार के दौरान बाजारों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए विभाग ने जिलेभर में विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत विभिन्न अग्निशमन केंद्रों और चौकियों में कुल 8 फायर टैंडर तैनात किए गए हैं। वहीं, आपात स्थिति में कम से कम समय में घटनास्थल तक पहुंचने के लिए क्विक रिस्पांस वाहनों और मोटरसाइकिलों की भी व्यवस्था की गई है।
विभागीय व्यवस्था के अनुसार बिलासपुर अग्निशमन केंद्र में 3 फायर टैंडर तैनात किए गए हैं, जबकि झंडूता में भी 3 फायर टैंडर उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा श्री नयनादेवी और घुमारवीं में एक-एक फायर टैंडर तैनात किया गया है। इन दोनों स्थानों पर एक-एक क्विक रिस्पांस वाहन भी रखा गया है, ताकि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तुरंत पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। वहीं, बिलासपुर और झंडूता में एक-एक मोटरसाइकिल भी तैनात की गई है।
खास बात यह है कि जिले के सभी अग्निशमन केंद्रों और चौकियों में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिसके तहत बिलासपुर में 25, झंडूता में 22, नयनादेवी में 14 और घुमारवीं में भी 14 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी तीन शिफ्टों में ड्यूटी देंगे, ताकि दिन-रात किसी भी समय आगजनी की घटना होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अतिरिक्त गृह रक्षा विभाग की बिलासपुर, घुमारवीं, मारकंड, भराड़ी, बस्सी और झंडूता स्थित 6 कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर इन कंपनियों के जवान अग्निशमन विभाग के साथ मिलकर सेवाएं देंगे।
बता दें कि बिलासपुर और घुमारवीं शहर के अलावा श्री नयनादेवी और शाहतलाई प्रमुख धार्मिक स्थल हैं। दीपावली के दौरान इन क्षेत्रों में श्रद्धालुओं और खरीददारों की आवाजाही बढ़ जाती है। बाजारों में भीड़ और पटाखों के इस्तेमाल के कारण आगजनी का खतरा बना रहता है। इसी को देखते हुए विभाग ने सभी स्तरों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विभागीय योजना के तहत जिले के प्रमुख बाजारों में निरीक्षण अभियान भी चलाया गया था। इस दौरान पटाखों की दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की जांच की जा चुकी है। दुकानदारों को अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने, बिजली की सजावट सुरक्षित तरीके से करने और आपातकालीन रास्ते खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं। होमगार्ड 5वीं वाहनी बिलासपुर सुशील कौंडल ने बताया कि दीपावली पर होने वाली किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है।