हालिया तेजी के बाद निवेशकों की सतर्कता और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों तथा वैश्विक व्यापार से जुड़ी अनिश्चितताओं के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों ने गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 200 अंक और निफ्टी 45 अंक से अधिक टूटकर खुला।
सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में 84,093.24 पर खुला, जो 0.28 प्रतिशत यानी करीब 200 अंकों की गिरावट दर्शाता है। वहीं, निफ्टी 45.25 अंक या 0.17 प्रतिशत गिरकर 25,839.25 पर खुला।
मेटल शेयरों में तेजी, IT सेक्टर पर दबाव
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, सीमेंट, रियल्टी और हेल्थकेयर इंडेक्स में 0.87 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) शेयरों में दबाव बना रहा और निफ्टी IT इंडेक्स करीब 1 प्रतिशत गिर गया।
FII और DII की खरीदारी से बाजार को मिल रहा समर्थन
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी और घरेलू कंपनियों के बेहतर होते बुनियादी कारकों के कारण घरेलू बाजार में मजबूती बनी हुई है। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) को भी लगातार फंड मिल रहे हैं, जिसके चलते वे भी बाजार में सक्रिय खरीदार बने हुए हैं।
गुरुवार को विदेशी निवेशकों ने लगातार 12वें कारोबारी सत्र में खरीदारी जारी रखी। उन्होंने शुद्ध आधार पर भारतीय शेयरों में 5,843 करोड़ रुपये का निवेश किया। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने भी 5,630 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
कच्चे तेल और अमेरिकी टैरिफ प्रस्तावों से बढ़ी चिंता
कई व्यापक आर्थिक चुनौतियां निवेशकों की धारणा पर दबाव बना रही हैं। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इससे भारत में आयातित महंगाई बढ़ने की आशंका है।
इसके अलावा अमेरिका की ओर से नए टैरिफ प्रस्तावों ने वैश्विक व्यापार को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। ऐसे माहौल में निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। इन चुनौतियों के चलते शेयर बाजार में लगातार तेजी बने रहने की गुंजाइश सीमित है और निकट भविष्य में बाजार कुछ समय तक सीमित दायरे में कारोबार कर सकता है।
इस बीच, एशियाई बाजारों में सुधार जारी रहा। कई सप्ताह की उठापटक के बाद AI से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में निवेशकों की दोबारा बढ़ती दिलचस्पी से एशियाई बाजारों को समर्थन मिला।