न्यूयॉर्क : जेसिका पेगुला ने यूएस ओपन 2026 के महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। आर्थर ऐश स्टेडियम में हुए मुकाबले में पेगुला ने एमा नवारो को 2 घंटे 21 मिनट तक चले मुकाबले में 3-6, 6-4, 6-3 से हराया। जेसिका ने लगातार तीसरे सेमीफाइनल में जगह बनाई है।
मैच की शुरुआत में पेगुला थोड़ी असहज दिख रही थीं। एमा नवारो ने उन्हें कुछ मुश्किल समय दिया, लेकिन पेगुला बेहतरीन वापसी की और मैच अपने नाम किया। जीत के बाद पेगुला के व्यवहार में राहत साफ दिख रही थी। उन्होंने कोर्ट पर मुश्किलों से लड़ने की बात मानी।
पेगुला ने जीत के बाद कहा, "यह सच में बहुत मुश्किल था। यहां उमस थी। मैं अपनी बेस्ट सर्व नहीं कर पा रही थी। मैं आज वहां बहुत सारी मुश्किलों से लड़ रही थी।"
जेसिका ने मैच देखने आए फैंस का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, "यहां आने के लिए आप लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। आप लोगों के सामने खेलना सम्मान की बात है। इससे बढ़कर कुछ नहीं है।"
अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला का कुल मिलाकर यह चौथा ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल है। वह इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी आखिरी चार में पहुंची थीं।
अपने पहले ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश कर रही पेगुला को सेमीफाइनल में मुश्किल विपक्षी मिला है। सेमीफाइनल में पेगुला का मुकाबला पिछले दो बार की चैंपियन एरिना सबालेंका से होगा। सबालेंका ने लिंडा नोस्कोवा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वह लगातार तीसरी बार खिताब जीतने से दो जीत दूर हैं। सबालेंका और पेगुला के बीच यह रोमांचक मुकाबला 2024 के फाइनल का रिप्ले होगा, जिसे सबालेंका ने जीता था। सबालेंका का पेगुला के खिलाफ 9-4 का रिकॉर्ड है। अगर पेगुला यूएस ओपन जीत जाती हैं और एलेना रयबाकिना अपना सेमीफाइनल में हार जाती हैं, तो वह डब्ल्यूटीए में नंबर 1 रैंकिंग हासिल कर सकती हैं।
25 साल की अमेरिकी एम्मा नवारो के पास 2024 के बाद एक बार फिर से सेमीफाइनल में जगह बनाने का मौका था, लेकिन उनकी हमवतन पेगुला ने उनका रास्ता रोक दिया।